सीएसआईआर – भापेसं पुस्तकालय, जो अब ज्ञान संसाधन केंद्र के नाम से जाना जाता है, के पास अद्वितीय संग्रह एवं विशिष्ट प्रयोगकर्ता हैं। इस पुस्तकालय का मुख्य उद्देश्य संस्थान के कर्मचारियों एवं व्यापक रूप से पेट्रोलियम क्षेत्र की सूचना संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति करना है।
यह पूर्णतः स्वचालित (ऑटोमेटेड) है एवं आधुनिक उपकरणों एवं तकनीक से सुसज्जित है। सभी दस्तावेज़ बारकोड- युक्त हैं तथा सभी आधुनिक सेवाएं, जैसे वेब ओपीएसी, सीएएस तथा एसडीआई, सफलतापूर्वक कार्यान्वित की गई हैं। ज्ञान संसाधन केंद्र में ई-अधिगम के साथ-साथ मुद्रित प्रतियों के माध्यम से अध्ययन की सुविधा भी उपलब्ध है। सूचना के भंडारण एवं पुनर्प्राप्ति के लिए LibSys सॉफ्टवेयर के उपयोग के अतिरिक्त ‘कोहा’ (ओपन सोर्स सॉफ्टवेयर) में एक पृथक डाटाबेस भी तैयार किया गया है। ज्ञान संसाधन केंद्र में अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अतिरिक्त 19,200 से अधिक पुस्तकें तथा 18,600 जिल्दबद्ध पत्रिकाओं का संग्रह उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, पुस्तकालय में पेट्रोरसायन, रिफाइनिंग एवं पृथक्करण विज्ञान से सम्बद्ध तकनीकी अभिलेख, शोध प्रबंध, एकस्व, मानक, विनिर्देश, पुनर्मुद्रित सामग्री, माइक्रोफॉर्म्स, माइक्रोफिश, तथा सीडी-रोम अच्छी संख्या में उपलब्ध है। ये सामग्री पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी, रसायन प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी विज्ञान, विश्लेषणात्मक विज्ञान, तथा दहन प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों से भी संबंधित हैं। मुद्रण स्रोत के अतिरिक्त, राष्ट्रीय ज्ञान स्रोत संघ (एनकेआरसी)(सीएसआईआर-डीएसटी) के अंतर्गत वर्तमान में 4000 से अधिक ई-पत्रिकाओं के पूर्ण पाठ, ई- डाटाबेस, मानक, एकस्व ऑनलाइन उपलब्ध हैं।
ज्ञान संसाधन केंद्र में ‘ओपन एक्सेस सिस्टम’ लागू है। सभी मुद्रित स्रोतों को यूडीसी वर्गीकरण योजना के अनुसार व्यवस्थित किया गया है। ऑनलाइन पब्लिक एक्सेस कैटलॉग (OPAC) उपयोगकर्ताओं के लिए उनके डेस्कटॉप पर उपलब्ध है, जिसके माध्यम से वे विषय, लेखक, शीर्षक तथा प्रकाशक आदि के आधार पर आवश्यक सूचना खोज सकते हैं। केआरसी द्वारा करंट अवेयरनेस सर्विस प्रदान की जाती है। प्राप्त नवीन पुस्तकों की सूची तथा पत्रिकाओं की एकल प्रतियां भी ऑनलाइन उपलब्ध हैं। केआरसी में एक पृथक डेस्क स्थापित की गई है, जिसका उपयोग सीएसआईआर कंसोर्टियम के ई-जर्नलों के साथ-साथ एएसटीएम, बीआईएस तथा SciFinder उपलब्ध कराने के लिए किया जाता है। इसके अतिरिक्त, केआरसी वैज्ञानिकों को ऑनलाइन एसडीआई सेवा भी प्रदान करता है। केआरसी DSpace (OSS) पर अपने संस्थागत रिपॉजिटरी के विकास की प्रक्रिया में है, जिसमें संस्थान के वैज्ञानिकों द्वारा लिखे गए 440 से अधिक शोध-लेखों का पूर्ण-पाठ अपलोड किया जा चुका है।












